चमोली में भूस्खलन से पहले प्रशासन ने दिखाई तत्परता

Update: 2025-08-29 16:29 GMT
DEHRADUN देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को आपदा प्रबंधन को लेकर चलाए जा रहे राहत और बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चमोली में भूस्खलन से पहले प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए लगभग 15-20 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया। सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस अभियान से संबंधित कुछ फोटो भी साझा किए। उन्होंने लिखा कि अधिकारियों को अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में चमोली के नंदा नगर क्षेत्र में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। उन्होंने यह भी कहा कि आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
सीएम ने शुक्रवार सुबह अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन से संबंधित समीक्षा बैठक भी की। इस दौरान रुद्रप्रयाग के तहसील बसुकेदार क्षेत्र, चमोली के देवाल क्षेत्र, नैनीताल, बागेश्वर और टिहरी में अतिवृष्टि से उत्पन्न परिस्थितियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य युद्धस्तर पर और प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएं। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों तक तत्काल सहायता राशि पहुंचाने, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं शीघ्र सुचारू करने और हर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरे मानसून सीजन में अलर्ट मोड पर रहेगी और प्रभावितों को हरसंभव सहायता और संरक्षण प्रदान करेगी।
Tags:    

Similar News