देहरादून: आधुनिक तकनीक का ज्ञान, सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ाव, अनुशासित जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण। इन्हीं गुणों के साथ युवा पीढ़ी विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शुक्रवार को लोक भवन के प्रेक्षागृह में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए यह संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, अपनी प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देने और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ करने के बाद विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की जिज्ञासाओं में ज्ञान प्राप्त करने की ललक, भविष्य के प्रति उम्मीदें और समाज एवं राष्ट्र के लिए कुछ करने का संकल्प दिखाई देता है। युवाओं की यही सोच उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।

डॉ. बिसेन ने कहा कि राष्ट्रीय चेतना का मूल मंत्र राष्ट्र प्रथम है। इसका अर्थ अपने परिवार अथवा व्यक्तिगत जिम्मेदारियों की उपेक्षा करना नहीं है। व्यक्ति अपने प्रत्येक प्रयास, उपलब्धि और कार्य को राष्ट्रहित से जोड़कर देश की सेवा कर सकता है।

उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगों के उदाहरण देते हुए राष्ट्रसेवा के व्यापक स्वरूप को समझाया। राज्यपाल ने कहा कि विद्यार्थी का निष्ठापूर्वक अध्ययन करना, वैज्ञानिक का अनुसंधान करना, सैनिक का देश की सीमाओं की रक्षा करना, चिकित्सक का सेवाभाव से कार्य करना और उद्यमी का रोजगार सृजन करना भी राष्ट्रसेवा के ही अलग-अलग स्वरूप हैं।

राज्यपाल ने युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में नैतिक मूल्यों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा, अनुशासन, परिश्रम, विनम्रता, संवेदनशीलता और आत्मसंयम जैसे गुण व्यक्ति को श्रेष्ठ बनाते हैं। युवाओं को इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाकर समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार बनना चाहिए।

युवा संवाद के दौरान नागरिक उत्तरदायित्वों का विषय भी प्रमुखता से उठा। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से सार्वजनिक संपत्ति और सुविधाओं के संरक्षण के प्रति सजग रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति सभी नागरिकों की सामूहिक धरोहर है और उसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

स्वच्छता के महत्व का उल्लेख करते हुए डॉ. बिसेन ने कहा कि इसे केवल किसी विशेष अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए। स्वच्छता को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाकर प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभा सकता है।

राज्यपाल ने युवाओं के स्वास्थ्य और उनकी जीवनशैली पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए युवा पीढ़ी का स्वस्थ, ऊर्जावान और अनुशासित होना आवश्यक है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग सकारात्मक गतिविधियों में करना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को योग, खेल, व्यायाम, ध्यान, साहित्य और अच्छी संगति को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। राज्यपाल ने कहा कि युवाओं का शरीर और उनकी प्रतिभा राष्ट्र की अमानत हैं। ऐसे में अपनी क्षमताओं को बेहतर दिशा देकर युवा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

आधुनिकता और तकनीक के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में अवसरों का विस्तार हो रहा है। शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार, उद्यमिता और नेतृत्व के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, कौशल भारत, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, खेलो इंडिया और मेरा युवा भारत जैसी पहलों का उल्लेख किया। राज्यपाल ने कहा कि इन पहलों के माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा और क्षमताओं को विकसित कर सकते हैं।

डॉ. बिसेन ने आधुनिक तकनीक को अपनाने के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने युवाओं से आधुनिकता और सांस्कृतिक मूल्यों के बीच समन्वय बनाए रखते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विकसित भारत-2047 के लक्ष्य पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह केवल एक राष्ट्रीय लक्ष्य नहीं है, बल्कि वर्तमान युवा पीढ़ी के पुरुषार्थ, प्रतिभा और संकल्प से जुड़ा ऐतिहासिक दायित्व भी है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।

उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने और निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी। राज्यपाल ने कहा कि जीवन में असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

Tags: