सफाई कर्मचारी शुक्रवार से कार्यबहिष्कार पर, अफसरों ने उठाया कूड़ा

Update: 2022-11-25 13:17 GMT

हल्द्वानी न्यूज़: नौ सूत्रीय मांगों के पूरा न होने पर सफाई कर्मचारी शुक्रवार से कार्यबहिष्कार पर चले गए हैं। नगर निगम परिसर में धरना-प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने मेयर व नगर आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आक्रोश प्रकट किया। वहीं, शहर में सफाई व्यवस्था ठप होने पर नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने स्वयं कूड़ा वाहन चलाकर नैनीताल रोड व कालाढूंगी रोड में दुकानों से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन किया। संयुक्त मोर्चा नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के बैनर तले उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ, देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ, नगर निगम वाहन चालक संघ, मेजिक मिनी डोर टू डोर, महिला मोर्चा शाखा व यातायात नगर से जुड़े तमाम सफाई कर्मचारी कार्यबहिष्कार पर रहे। इससे पूरे में शहर सफाई व्यवस्था ठप रहीं। वहीं घरों से कूड़ा भी नहीं उठ पाया। कर्मचारियों ने निगम परिसर में धरना-प्रदर्शन करते हुए मेयर डा. जोगेंद्र रौतेला व नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने निगम अधिकारियों पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए जल्द मांग पूरी न होने पर आंदोलन को और उग्र करने की चेतावनी दी। धरना-प्रदर्शन के दौरान संरक्षक रामअवतार राजौर, राहत मसी, अशोक राज, सुनील चौधरी, रोहित टांक, शिवम पाल, बबलू सोफत अली, प्रशांत, सचिन भारती, अमन मसीह, नेहा, रीना, आदेश कुमार, श्याम सुंदर समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।

इधर, कर्मचारियों के हड़ताल के चलते निगम प्रशासन ने सुबह से ही वाहनों में कूड़ा उठाना शुरू कर दिया। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने कालाढूंगी रोड व नैनीताल रोड में कूड़ा वाहन चलाकर दुकानों से कूड़ा एकत्र किया। उन्होंने बताया कि जिन स्थानों पर कूड़ा एकत्र किया जाता है, वहां से भी कूड़ा उठाने का प्रयास किया जायेगा। उनके साथ सहायक नगर अधिकारी गौरव भसीन व वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल भी मौजूद रहे।

शहर का कूड़ा उठाना मेरी जिम्मेदारी है। हड़ताल के कारण बैठ नहीं सकता हूं। कुछ कर्मचारी मेरा सहयोग कर रहे हैं। लोगों से अपील है कि सड़कों व नालियों में कूड़ा न डालें। हड़ताली कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा। इसके लिए निगम प्रतिबद्ध है। जनता को परेशान कर समस्या का समाधान नहीं हो सकता है।

- पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त

आज से आउटसोर्स चालक भी होंगे हड़ताल में शामिल:

शुक्रवार को नगर निगम ने आउटसोर्स वाहन चालकों के जरिये 20 वाहनों से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन किया। इसकी जानकारी जैसे ही हड़ताली कर्मचारियों को लगी तो उनमें रोष फैल गया। मोर्चा पदाधिकारियों ने बताया कि शनिवार से आउटसोर्स चालक भी हड़ताल में शामिल रहेंगे। इसके बाद शहर में सफाई व्यवस्था और अधिक चरमरा जाएगी।

Tags:    

Similar News