Rudrapur: ब्लैकमेलिंग से तंग पत्नी ने फंदे पर लटककर की आत्महत्या

"पुलिस ने पति की तहरीर पर एक युवक पर केस दर्ज किया"

Update: 2025-03-31 11:30 GMT

रुद्रपुर: ट्रांजिट कैंप में एक महीने पहले महिला फंदे पर लटकी मिली थी। मामले में पुलिस ने पति की तहरीर पर एक युवक पर केस दर्ज किया है।

पति ने युवक पर उसकी पत्नी की अश्लील वीडियो इंटरनेट पर डालने का डर दिखाकर ब्लैकमेलिंग करने का आरोप लगाया है। पति के अनुसार इसी से तंग आकर उसकी पत्नी ने आत्महत्या की।

ट्रांजिट कैंप के एक वार्ड निवासी व्यक्ति ने थाने में तहरीर दी। इसमें कहा कि 23 फरवरी को वह अपने भाइयों के साथ कांवड़ लेने हरिद्वार गया था। 24 फरवरी की सुबह उनकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

वह जब घर पहुंचा तो पत्नी के पास से एक मोबाइल मिला, जिसकी उसे पहले से जानकारी नहीं थी। उसे पता चला कि शक्तिफार्म नंबर नौ निवासी प्रतुल विश्वास ने पत्नी को प्रेमजाल में फंसाकर उसका अश्लील वीडियो बनाया और अवैध संबंध भी स्थापित किए।

आरोप है कि प्रतुल अश्लील वीडियो को इंटरनेट पर डालने की धमकी देकर पत्नी से आए दिन रुपयों की मांग करता था। बदनामी से बचने के लिए पत्नी ने प्रतुल को कई बार रुपये भी दिए।

पत्नी ने उसके रिश्तेदार को प्रतुल की ओर से परेशान करने की बात बताई थी, जिस पर आरोपी को चेतावनी भी दी गई। इसके बाद भी प्रतुल नहीं माना। उसने 23 फरवरी की रात उसकी पत्नी को ब्लैकमेल कर रुपयों की मांग की। प्रताड़ना और बदनामी के डर से पत्नी ने आत्महत्या की। पुलिस ने प्रतुल पर केस दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News