सुधारी जाएगी गढ़वाल और कुमाऊं के बीच रोड कनेक्टिविटी, 29 मंदिर और 19 रोपवे चिह्नित
जनता से रिश्ता वेबडेस्क :प्रधानमंत्री मोदी उत्तराखंड दौरे पर कहते रहे हैं कि इस सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा. इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं को इस दिशा में बढ़ाया गया कदम माना जा रहा है क्योंकि ये दोनों ही प्रोजेक्ट उत्तराखंड के पर्यटन विकास के लिए मील के पत्थर से कम नहीं हैं. मानसखंड कॉरीडोर वही प्रोजेक्ट है,जिसका वादा चुनाव से पहले बीजेपी ने अपने विजन डाक्यूमेंट में भी किया था.
मध्य हिमालयी क्षेत्र गढ़वाल और कुमाऊं को उत्तराखंड कहा गया है. पुराणों में गढ़वाल को केदारखंड तो कुमाऊं मंडल को मानसखंड के रूप में जाना जाता है. सरकार अब पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गढ़वाल के चार धाम की तर्ज पर कुमाऊं के मंदिरों को विकसित करना चाहती है. इसके लिए मानसखंड कॉरिडोर नाम से प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है, जिसे मंदिरमाला प्रोजेक्ट भी कहा जा रहा है. इसके तहत कुमाऊं के प्रमुख मंदिरों को बेहतर सड़कों से कनेक्ट किया जाएगा. गढ़वाल और कुमाऊं के बीच रोड कनेक्टिविटी भी सुधारी जाएगी.
मुख्य सचिव एसएस संधू इस प्रोजेक्ट की तैयारियों को लेकर एक मीटिंग कर चुके हैं, जिसमें सभी डीएम से तत्काल उनके जनपदों के प्रमुख मंदिरों और पर्यटन स्थलों की डिटेल्ड रिपोर्ट मांगी गई है. मंदिरों के साथ ही उन पर्यटन स्थलों को भी विकसित किया जाएगा, जिनकी पहचान व्यापक नहीं है लेकिन संभावनाएं हैं. लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने बताया कि मानसखंड प्रोजेक्ट को लोक निर्माण विभाग और पर्यटन विभाग संयुक्त रूप से देखेंगे.अल्मोड़ा : जागेश्वर महादेव, चितई गोलज्यू मंदिर, सूर्यदेव मंदिर, नंदादेवी मंदिर कसारदेवी मंदिर, झांकर सैम मंदिर
पिथौरागढ़ : पाताल भुवनेश्वर, हाटकालिका मंदिर, मोस्टमाणु मंदिर, बेरीनाग मंदिर, मलेनाथ मंदिर, थालकेदार मंदिर
बागेश्वर : बागनाथ महादेव, बैजनाथ मंदिर, कोट भ्रामरी मंदिर
चंपावत : पाताल रुद्रेश्वर गुफा, गोल्ज्यू मंदिर, निकट गोरलचौड मैदान, पूर्णागिरी मंदिर, बाराही देवी मंदिर, देवीधुरा मंदिर, रीठा मीठा साहिब मंदिर
नैनीताल : गोल्ज्यू मंदिर, नैनादेवी मंदिर, गर्जियादेवी मंदिर कैंचीधाम मंदिर, हनुमान मंदिर
ऊधमसिंह नगर : चैती (बाल सुंदरी) मंदिर, अटरिया देवी मंदिर व नानकमत्ता साहिब