दूधियाबंद जंगल हत्याकांड के आरोपी पर पुलिस का शिकंजा
हत्याकांड का 10 हजार का इनामी आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
हरिद्वार: दूधियाबंद बस्ती स्थित बिजलीघर के पास जंगल में हुई गोपाल की हत्या के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपित को कोतवाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित गजराज कश्यप को चंडी चौक से पकड़ा गया है। इस मामले में तीन अन्य आरोपित पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार 17 सितंबर को दूधियाबंद बस्ती में बिजलीघर के पास जंगल से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर जांच की गई तो मृतक की पहचान गोपाल पुत्र उमाचरण निवासी नई बस्ती, आबकारी चौकी के पास, बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
जांच के दौरान पुलिस ने 21 सितंबर और 3 अक्टूबर को तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इनमें एक महिला, नरेंद्र पुत्र ओमप्रकाश और गोविंद पुत्र ओमप्रकाश निवासी मोमिनपुर दरगा, बिजनौर शामिल हैं।
पूछताछ में उन्होंने बताया था कि 16 सितंबर की रात गंगा किनारे बिजलीघर के पास खाली जगह पर उन्होंने गजराज कश्यप के साथ मिलकर गोपाल की चापड़ और चाकू से हत्या की थी।
तब से गजराज कश्यप पुत्र रघुवीर कश्यप निवासी मोमिनपुर दरगा, बिजनौर फरार चल रहा था। एसएसपी हरिद्वार ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।