Pauri Garhwal: अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर विद्यार्थियों को मिला जागरूकता संदेश
साक्षरता दिवस पर विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति किया जागरूक
पौड़ी गढ़वाल: अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर श्री गुरु रामराय स्कूल पौड़ी में आयोजित विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर में छात्र-छात्राओं को शिक्षा के महत्व के साथ उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, निःशुल्क विधिक सहायता, साइबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव और बाल संरक्षण से जुड़े प्रावधानों के प्रति जागरूक किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल एवं जिला परिवीक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाज़िश कलीम ने अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के अधिकार, विधिक साक्षरता, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों तथा निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्वयं अपने अधिकारों और कानून के प्रति जागरूक होना चाहिए तथा परिवार और समाज के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए। जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने बाल अधिकार, बाल संरक्षण और किशोरों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए इससे दूर रहने की अपील की। साथ ही साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के जरूरी उपाय भी बताए।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, हिंसा या शोषण का सामना करने पर बच्चे चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर जिला रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत समेत अन्य अधिकारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।