Pauri Garhwal: कार्यालयों के चक्कर से मिलेगी राहत, बीरोंखाल में श्रमिक पंजीकरण शिविर
श्रमिकों की समस्याओं का समाधान, बीरोंखाल में लगा पंजीकरण शिविर
पौड़ी गढ़वाल: श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए श्रम विभाग ने मंगलवार को बीरोंखाल ब्लॉक सभागार में शिविर लगाया। शिविर में कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने श्रमिकों और क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। बड़ी संख्या में श्रमिकों ने शिविर में पहुंचकर पंजीकरण एवं नवीनीकरण की जानकारी ली।
सतपाल महाराज ने कहा कि श्रमिक प्रदेश और देश के विकास की मजबूत कड़ी हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क, भवन समेत विभिन्न निर्माण कार्यों में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जा रहे हैं। अधिकारियों को पात्र श्रमिकों को प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में देने और विवाह अनुदान, शिक्षा, चिकित्सा, मातृत्व, औजार व दुर्घटना सहायता समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से दिलाने के निर्देश दिए।
महाराज ने श्रमिकों से शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने और श्रम कार्ड का समय पर नवीनीकरण कराने की अपील की। इस अवसर पर लघु सिंचाई विभाग की जिला योजना के तहत चार लाख रुपये की लागत से बडियान में मां भगवती मंदिर के स्थलीय विकास कार्य का शिलान्यास भी किया गया।
इस दौरान एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी, बीडीओ सुदर्शन बुटोला, समाज कल्याण बोर्ड के सदस्य प्रेम सिंह नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, विधायक प्रतिनिधि दर्शन सिंह रिंगोड़ा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत समेत जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।