Pauri Garhwal: कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, अतिक्रमण पर कार्रवाई
रेहड़ी-ठेली संचालकों की जांच, पुलिस ने चलाया अभियान
पौड़ी गढ़वाल: कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस ने यात्रा मार्ग पर अतिक्रमण हटाने और अस्थायी दुकानदारों के सत्यापन का अभियान तेज कर दिया है। क्षेत्राधिकारी कोटद्वार एवं जोन प्रभारी लक्ष्मणझूला अस्मिता ममगाई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जानकी पुल, बाघखाला तिराहा, बैराज बायपास तिराहा और नीलकंठ पैदल मार्ग का निरीक्षण कर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया।
अभियान के दौरान पुलिस ने रेहड़ी-ठेली और अस्थायी दुकान संचालकों को यात्रा मार्ग खाली रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई बाधा न आए और आपातकालीन सेवाओं का संचालन भी निर्बाध बना रहे। इसके साथ ही पुलिस ने यात्रा मार्ग पर संचालित अस्थायी दुकानों और रेहड़ी-ठेली संचालकों का सत्यापन अभियान भी चलाया। इस दौरान संबंधित लोगों की पहचान और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिस टीमें लगातार यात्रा मार्ग पर निगरानी कर रही हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।