Pauri Garhwal: चाकीसैंण में लोगों को मिलेगी आधार और प्रमाण पत्र की सुविधा
चाकीसैंण में विशेष शिविर, आधार से दिव्यांग प्रमाण पत्र तक सुविधा
पौड़ी गढ़वाल: चाकीसैंण क्षेत्र के लोगों को आधार कार्ड और दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा। क्षेत्रवासियों की मांग पर 22 सितंबर को व्यावसायिक महाविद्यालय, बनास में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में आधार कार्ड से संबंधित कार्यों के साथ दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण पत्र भी बनाए जाएंगे।
सितंबर के प्रथम मंगलवार को चाकीसैंण तहसील में आयोजित तहसील दिवस में क्षेत्रवासियों ने स्थानीय स्तर पर आधार और दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई थी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके बाद स्वास्थ्य, समाज कल्याण समेत संबंधित विभागों ने शिविर की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
तहसीलदार सुदामा सिंह रावत ने बताया कि शिविर को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने के इच्छुक दिव्यांगजन और आधार कार्ड से संबंधित कार्य कराने वाले क्षेत्रवासी निर्धारित तिथि पर शिविर में पहुंचकर सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।