Pauri Garhwal: भूस्खलन के खतरे से पाबौ बाजार में चिंता, टीम ने जांची स्थिति
पाबौ बाजार में खतरे की पड़ताल, संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण
पौड़ी गढ़वाल: पाबौ बाजार में लगातार हो रहे भूस्खलन ने दुकानदारों और भवन स्वामियों की चिंता बढ़ा दी है। पहाड़ी से बारिश के दौरान लगातार मलबा और पत्थर गिरने से दुकानों और मकानों पर खतरा बना हुआ है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भूगर्भीय विभाग, जिला प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
टीम ने भूस्खलन प्रभावित पहाड़ी, क्षतिग्रस्त दुकानों-मकानों और सड़क क्षेत्र का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों को बताया कि बारिश के दौरान पहाड़ी से मलबा और पत्थर लगातार नीचे आ रहे हैं। इससे कई दुकानों और मकानों की नींव भी प्रभावित हो रही है। लोगों ने जल्द सुरक्षा उपाय नहीं किए जाने पर बड़ी दुर्घटना की आशंका जताई।
निरीक्षण में लोनिवि पाबौ के अधिशासी अभियंता शिवम मित्तल, सहायक अभियंता अनिल कुमार, जिला पंचायत सदस्य कर्मवीर भंडारी, व्यापारी मनोज रावत, प्रवीण कोठियाल, नित्यानंद कोठियाल और एसएन जन कल्याण सामाजिक समिति के सचिव संजय नौटियाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे। भूगर्भीय अधिकारी नीरजा मिश्रा, नायब तहसीलदार संजय सिंह नेगी, कानूनगो प्रताप सिंह, अंकित तोमर और संतोष बिष्ट ने भी स्थिति का जायजा लिया।
दुकान एवं भूमि स्वामी नित्यानंद कोठियाल ने प्रभावित क्षेत्र में तत्काल सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल अस्थायी व्यवस्था से समस्या का समाधान नहीं होगा। प्रशासन को भूस्खलन रोकने के लिए सुरक्षा दीवार समेत ठोस और स्थायी उपाय करने होंगे। स्थानीय लोगों ने भी जान-माल की सुरक्षा के लिए जल्द कार्रवाई की मांग की है।