पंतनगर: प्लॉट दिलाने के बहाने ग्राहक से एडवांस लिए चेक को एजेंट ने अपने खाते में लगाकर एक लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की विवेचना एसआई दिनेश रावत को सौंपी गई है। खड़कपुर मोटाहल्दू हल्द्वानी निवासी प्रताप राम आर्या ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने वर्ष 2015 में रुद्रपुर निवासी प्रापर्टी एजेंट राजेश कुमार गुप्ता के माध्यम से फुलसुंगी में एक प्लॉट खरीदा था।

इसके एवज में राजेश ने उससे हस्ताक्षर के साथ बिना तारीख डाले तीन चेक ले लिए थे। उसने प्लॉट की रजिस्ट्री के बाद तीनों चेक वापस करने का आश्वासन दिया था। उसकी ओर से पूरी धनराशि देने के बाद भी राजेश ने उसे चेक वापस नहीं किए। वह भी अपनी पारिवारिक परेशानियों के चलते राजेश से चेक लेना भूल गया।

राजेश ने आठ जनवरी 2025 को उसके दिए चेक संख्या 078672 के माध्यम से उसके खाते से एक लाख रुपये अपने पंजाब नेशनल बैंक पंतनगर शाखा के खाते में ट्रांसफर करा लिए। जिस खाते से उसकी धनराशि निकाली गई है, वह खाता भारतीय स्टेट बैंक सिविल लाइंस मुरादाबाद में है। उसने पुलिस से आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है।

Tags: