देहरादून: उत्तराखंड में मानसूनी बारिश शुरू हो गई है।
इस बार बिपरजॉय चक्रवात के कारण मानसून के देरी से आने का अंदेशा बढ़ गया था, लेकिन मानसून छह दिन पहले ही उत्तराखंड पहुंच गया। इसी के साथ देहरादून सहित हरिद्वार, रुड़की और ऋषिकेश समेत पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई है। मौसम विज्ञान विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है। बारिश के चलते जगह-जगह सड़कें बंद हैं। शनिवार देर रात यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग ओरछा बैंड के पास अवरुद्ध हो गया था, जिसे रविवार को खोल दिया गया। यमुनोत्री धाम के दर्शन कर गंगोत्री धाम के दर्शन करने के लिए आने वाले तीर्थ यात्रियों को यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने से खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। चमोली में भारी बारिश के बाद अलकनंदा का जलस्तर बढ़ गया है। मसूरी में रविवार तड़के जबरदस्त बारिश हुई। जिससे बरसाती नालों में उफान आ गया। ऋषिकेश-देहरादून में भी बारिश का दौर जारी है।
निचले इलाकों में जलभराव के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डोईवाला में सुबह से हो रही भारी बारिश से बरसाती नाले उफान पर हैं। कई गलियों में जलभराव की समस्या भी देखी जा रही है। टिहरी में नरेंद्रनगर-रानीपोखरी मोटर मार्ग मलबा आने से बंद हो गया है। जिसे खोलने के लिए दो जेसीबी मौके पर तैनात हैं। हरिद्वार में शहर से लेकर देहात तक जगह-जगह जलभराव हो गया है। रानीपुर मोड़ चंद्राचार्य चौक पर बरसात के चलते हुए जलभराव के कारण एक वाहन सड़क पर फंस गया। कई जगह बिजली नहीं आ रही, पेयजल सप्लाई ठप पड़ी है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा कि मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसे देखते हुए रविवार से देहरादून समेत सात जनपदों में अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मौसम के अलर्ट को देखते हुए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पीडब्ल्यूडी की टीमें तैनात हैं। सभी सहयोगी विभाग काम कर रहे हैं।
Tags: