भवाली और भीमताल में यातायात व्यवस्था को लेकर नए इंतजाम
New traffic arrangements in Bhawali and Bhimtal
नैनीताल: कैंची धाम, भवाली एवं भीमताल क्षेत्र में इस सप्ताहांत 26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित अत्यधिक भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने यातायात और मार्ग परिवर्तन की विशेष व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था दोनों दिन सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी। यातायात के वास्तविक दबाव, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या तथा मार्ग की स्थिति के अनुसार व्यवस्था में आवश्यक परिवर्तन किया जा सकेगा।
अल्मोड़ा-रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से आवश्यकतानुसार रामगढ़-मुक्तेश्वर होते हुए हल्द्वानी भेजा जाएगा। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहनों को निर्धारित मार्ग से जाने दिया जाएगा, जबकि अन्य भारी वाहनों को भवाली सैनेटोरियम तिराहे पर रोककर यातायात की स्थिति के अनुसार चरणबद्ध तरीके से आगे भेजा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर रामगढ़ और खुटानी मार्ग का उपयोग होगा।
हल्द्वानी से भीमताल होते हुए कैंची धाम आने वाले निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कर स्थानीय शटल सेवा या सार्वजनिक परिवहन से भवाली होते हुए कैंची धाम भेजा जाएगा।
नैनीताल-गेठिया की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कर शटल सेवा से कैंची धाम भेजा जाएगा। भवाली से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार रामगढ़ और खुटानी मार्ग से भेजा जा सकेगा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए क्वारब-रामगढ़-रातीघाट बाईपास मार्ग का उपयोग किया जाएगा।
सप्ताहांत में कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और व्यावसायिक वाहनों का अनावश्यक प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा तथा केवल निर्धारित या अधिकृत वाहनों को आवश्यकता के अनुसार प्रवेश दिया जाएगा। सड़क किनारे अथवा यातायात बाधित करने वाले स्थानों पर वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी।
भीमताल विकास भवन और भवाली सैनेटोरियम पार्किंग को प्राथमिकता दी जाएगी तथा इनके भरने पर वैकल्पिक पार्किंग के अनुसार वाहनों को भेजा जाएगा। एम्बुलेंस, अग्निशमन, पुलिस तथा अन्य आपातकालीन और आवश्यक सेवा वाहनों के निर्बाध आवागमन के लिए अलग मार्ग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और वाहन चालकों से निर्धारित मार्ग, पार्किंग और शटल सेवा व्यवस्था का पालन कर यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।