नई टिहरी: 10 सूत्री मांगाें काे लेकर कीर्तिनगर ब्लॉक के ग्राम प्रधानों ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। समस्याएं हल न हुई तो वे 16 सितम्बर को ब्लॉक कार्यालय पर तालाबंदी करेंगे।

सोमवार को ग्राम प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष वासुदेव प्रसाद भट्ट के नेतृत्व में प्रधानों ने बीडीओ के माध्यम से सीएम को ज्ञापन में दो टूक कहा कि ग्राम पंचायतों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने मानदेय को 20 हजार रुपये प्रतिमाह करने, वीबी-जी राम जी में ऑफलाइन उपस्थिति की व्यवस्था लागू करने, अकुशल श्रमिकों के लिए 600 रुपये व कुशल श्रमिकों के लिए 800 रुपये प्रतिदिन न्यूनतम मजदूरी निर्धारित करने, पंचायतों को और अधिकार देने, राज्य-केंद्रीय वित्त की धनराशि बढ़ाने, जिला योजना में ग्राम प्रधान संगठन की भागीदारी, 29 विभागों को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरण करने की मांग की।

विधायक और सांसद निधि की तर्ज पर ग्राम प्रधान निधि की व्यवस्था, 10 लाख रुपये तक के विकास कार्यों की कार्यदायी संस्था ग्राम पंचायतों को बनाने, प्रधानों को बीमा से कवर करने, पीएम आवास सॉफ्टवेयर में पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता सूची में शामिल करने, 16वें वित्त से जुड़े 1200 रुपये वार्षिक टैक्स की अनिवार्यता और धनराशि में 20 प्रतिशत कटौती के जीओ में संसाधन की मांग की। अन्यथा उन्होंने 16 सितंबर को ब्लॉक मुख्यालय पर तालाबंदी की चेतावनी दी। ज्ञापन पर सुनय कुकशाल, सुरेश नेगी, कुलदीप राणा, मनोज जोशी, राम सिंह चौहान, सूरती चौहान, अमरजीत ,संजय भट्ट, कुलदीप, भूपेंद्र सिंह, अंकिता पुंडीर, ममता भट्ट, सविता बर्त्वाल मौजूद थे।

Tags: