दशहरा मेले के लिए नेहरू स्टेडियम को संवारा जाएगा, दिसंबर तक काम पूरा
नेहरू स्टेडियम के जीर्णोद्धार से बेहतर होंगी आयोजन की सुविधाएं
रुड़की: दशहरा मेले को लेकर नेहरू स्टेडियम में व्यवस्थाएं बनाने के निर्देश दिए गए हैं। स्टेडियम में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य के कारण मैदान में कीचड़ और ऊबड़-खाबड़ स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और मेयर अनीता अग्रवाल ने रामलीला समिति बीटी गंज के पदाधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदार को दशहरे से पहले मैदान दुरुस्त करने और जीर्णोद्धार का पूरा काम दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
नगर निगम द्वारा स्टेडियम के जीर्णोद्धार का कार्य कराया जा रहा है।
गौरतलब है कि रामलीला समिति बीटी गंज द्वारा यहां हर साल दशहरा मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन होता है। मेले में हजारों लोग जुटते हैं। मैदान की मौजूदा स्थिति को लेकर समिति ने आयोजन को लेकर चिंता जताई थी।
रामलीला समिति के महामंत्री सौरभ सिंघल ने कैबिनेट मंत्री और मेयर से शिकायत की थी कि मैदान तैयार न होने से मेला आयोजन मुश्किल होगा। इस पर मंत्री, मेयर और नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान ठेकेदार ने बताया कि मैदान को समतल करने का काम शुरू कर दिया गया है और दशहरे से पहले मेला लायक तैयार कर दिया जाएगा। इस बार पुतला दहन 20 अक्टूबर को होगा। मंत्री और मेयर ने निर्देश दिए कि मेले से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की जाएं। निरीक्षण में पार्षद ताहिर अहमद, जेई रिया सैनी, जेई गुरुदयाल सिंह, अमन अग्रवाल मौजूद रहे।