Nainital: मुस्लिम युवक संग मिली युवती, परिवार में हड़कंप

Update: 2025-11-12 05:51 GMT

नैनीताल: नैनीताल नगर की गत 5 नवम्बर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई 19 वर्षीय युवती नैनीताल पुलिस की तीन टीमों के प्रयास से हिमाचल प्रदेश से बरामद कर ली गई है। युवती को रामपुर उत्तर प्रदेश निवासी मुस्लिम युवक के पास से पाया गया है, जिस पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप था।

पुलिस सोमवार रात्रि दोनों को हिमाचल प्रदेश से बरामद कर नैनीताल लायी। इसके बाद युवती का चिकित्सीय परीक्षण किया गया। पुलिस के अनुसार युवती अपनी मर्जी से युवक के साथ जाने की बात कह रही है। दूसरी ओर युवती के पिता ने आत्महत्या करने की धमकी दी है।

पुलिस व संबंधितों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मल्लीताल क्षेत्र निवासी एक महिला ने गत 5 नवम्बर को अपनी पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप था कि रामपुर जनपद के स्वार निवासी फैजान फारुखी उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने तत्काल युवक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 के अंतर्गत अभियोग दर्ज कर तीन टीमें गठित की थीं।

पुलिस टीमों ने मोबाइल लोकेशन व कॉल विवरण के आधार पर जांच तेज की। तकनीकी निगरानी में दोनों की लोकेशन हिमाचल प्रदेश के एक कस्बे में मिलने पर स्थानीय पुलिस की सहायता से दबिश दी गई और युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपित युवक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उधर घटना से व्यथित युवती के पिता ने आत्महत्या करने की धमकी दी है। मल्लीताल के कोतवाल हेम चंद्र पंत ने कहा कि मामले में यथासंभव कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Tags:    

Similar News