नैनीताल: उत्तराखंड राज्य संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 2025–27 के अंतर्गत बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु चतुर्थ एवं अंतिम चरण की काउंसलिंग 19 से 23 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। यह प्रक्रिया प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण में प्रवेशित तथा 31 जनवरी को साझा की गई सूची में पुष्टि किए गए अभ्यर्थियों को छोड़कर स्वीकृत सीटों के सापेक्ष शेष रिक्त सीटों पर संचालित होगी। काउंसलिंग आरक्षण नियमावली तथा उत्तराखंड उच्च न्यायालय में दायर रिट याचिका संख्या 629, 704 एवं 705 वर्ष 2025 में पारित आदेशों को ध्यान में रखते हुए कराई जाएगी।
कुमाऊँ विवि के कुलसचिव डॉ. मंगल सिंह मंद्रवाल ने बताया कि तृतीय चरण की महाविद्यालय स्तर की काउंसलिंग के उपरांत उपलब्ध रिक्त सीटों पर पूर्व में जारी सीट मैट्रिक्स के अनुसार ही प्रवेश दिए जाएंगे। सीट मैट्रिक्स अथवा आरक्षण नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित परिसर, महाविद्यालय या संस्थान पूर्ण रूप से उत्तरदायी होगा। चतुर्थ काउंसलिंग में प्रवेशित अभ्यर्थियों का पूर्ण विवरण संबंधित विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारी एवं उच्च शिक्षा विभाग के समन्वय से समर्थ पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज कराया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। सभी संस्थानों को निर्देशों का अक्षरश पालन करने को कहा गया है।