Nainital: कैंची धाम में बढ़ी भीड़, प्रशासन ने जारी किया डायवर्जन प्लान
कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए ट्रैफिक प्लान
नैनीताल: इस सप्ताहांत के साथ सोमवार 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के दृष्टिगत कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष यातायात एवं डायवर्जन व्यवस्था लागू की है।
अल्मोड़ा-रानीखेत से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। जबकि हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले आवश्यक सेवा के भारी वाहन निर्धारित मार्ग से चलेंगे, जबकि अन्य भारी वाहनों को यातायात दबाव के अनुसार भवाली के मस्जिद तिराहे से रोका जा सकता है। चार पहिया वाहन रामगढ़-खुटानी मार्ग से आवागमन कर सकेंगे।
भीमताल मार्ग से कैंची धाम जाने वाले बाहरी पर्यटकों के निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कर शटल सेवा से भवाली-कैंची धाम भेजा जाएगा। गेठिया-नैनीताल मार्ग से आने वाले वाहनों को भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा और वहां से शटल सेवा उपलब्ध होगी। इसी तरह पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले चौपहिया वाहन क्वारब-नथुवाखान-रामगढ़ मार्ग से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इस दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों का आवागमन भी प्रतिबंधित किया गया है। साथ ही यातायात पुलिस ने पर्यटकों, स्थानीय लोगों, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए निर्धारित यातायात एवं डायवर्जन व्यवस्था का पालन करते हुए यात्रा करें।