हरिद्वार POCSO कोर्ट का बड़ा फैसला, 8 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के दोषी को उम्रकैद
POCSO कोर्ट का बड़ा फैसला
हरिद्वार : उत्तराखंड के हरिद्वार में 8 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में विशेष पॉक्सो (POCSO) अदालत ने दोषी को आजीवन कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 1 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर उसे अतिरिक्त छह माह का कारावास भुगतना होगा।
यह मामला मार्च 2025 का है, जब पथरी थाना क्षेत्र में आरोपी ने मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने मेडिकल रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्य अदालत के समक्ष प्रस्तुत किए। सभी साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद विशेष पॉक्सो अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए आजीवन कठोर कारावास और 1 लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई।