नई टिहरी-चंबा हाईवे पर बड़ा हादसा, पहाड़ से टकराई यात्रियों से भरी बस
अचानक जाम हुआ बस का अगला टायर, पहाड़ से टकराई हरिद्वार जा रही बस
नई टिहरी; नई टिहरी-चंबा हाईवे पर बुधवार सुबह करीब 11:15 बजे हरिद्वार जा रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चंबा थाना क्षेत्र में भोनाबागी से पहले बटखेम मंदिर के पास बस अनियंत्रित होकर पहाड़ से टकरा गई। बस में करीब 20 यात्री सवार थे। राहत की बात रही कि सभी सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस का अगला दायां टायर अचानक जाम हो गया। बताया जा रहा है कि एक्सल को टायर से जोड़ने वाली रॉड टूट गई थी। इस हिस्से में हाल ही में वेल्डिंग भी कराई गई थी। तकनीकी खराबी के कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन पहाड़ से जा भिड़ा।
चंबा थानाध्यक्ष विपिन बहुगुणा ने बताया कि बस में तकनीकी खराबी के कारण हादसा हुआ। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालकर दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।