Kotdwar : तेंदुआ का हमला, घास काट रही महिला घायल

Update: 2026-05-30 06:24 GMT

Uttarakhand उत्तराखंड : कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के सनेह इलाके में शनिवार सुबह उस समय दहशत फैल गई जब गुलदार ने एक महिला पर हमला कर दिया। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल उपचार के लिए बेस चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, रीना देवी (40), पत्नी भूपेंद्र सिंह अधिकारी, निवासी कोटड़ीढांग, शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे लैंसडौन वन प्रभाग के कोटद्वार रेंज क्षेत्र के अंतर्गत कोटड़ीढांग में गंगा वाटिका के पास घास काट रही थीं। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकलकर गुलदार ने उन पर हमला कर दिया।

हमले के समय आसपास अन्य महिलाएं भी घास काटने का काम कर रही थीं। रीना देवी पर हमला होते देख अन्य महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया और तुरंत गुलदार की ओर पत्थर फेंककर उसे भगाने का प्रयास किया। शोरगुल और विरोध के कारण गुलदार मौके से जंगल की ओर भाग गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाओं को दी। सूचना मिलने पर 108 आपातकालीन चिकित्सा वाहन मौके पर पहुंचा और घायल रीना देवी को बेस चिकित्सालय कोटद्वार में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों के अनुसार, महिला के हाथ, पैर और पीठ पर गहरे घाव आए हैं। फिलहाल उनका इलाज जारी है और उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों को खेतों और जंगल किनारे काम करने में खतरा बना रहता है।

वन विभाग को घटना की जानकारी दे दी गई है और क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टीम को सतर्क किया गया है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सुबह और शाम के समय अकेले जंगल या खेतों की ओर न जाएं और सतर्क रहें।

फिलहाल वन विभाग द्वारा गुलदार की तलाश और निगरानी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि आगे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Tags:    

Similar News