Uttarkashi में हेलिकॉप्टर क्रैश, 6 लोगों की मौत 2 घायल

Update: 2025-05-08 06:06 GMT
Uttarkashi  उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में 8 मई 2025 को सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। गंगोत्री धाम की ओर जा रहा एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। यह हादसा गंगनानी के पास नाग मंदिर के नीचे, भागीरथी नदी के करीब हुआ। हादसा सुबह लगभग 9 बजे हुआ, जब हेलिकॉप्टर पहाड़ी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से
6 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि
इस दुखद घटना में हेलिकॉप्टर में सवार सभी 6 लोगों की मौत हो गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर में सवार यात्री गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। सभी मृतक श्रद्धालु बताए जा रहे हैं।
प्राइवेट कंपनी का था हेलिकॉप्टर
दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर एक निजी कंपनी Aero Trans का था। यह हेलिकॉप्टर चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को गंगोत्री धाम ले जा रहा था। इस तरह की यात्रा के लिए प्राइवेट हेलिकॉप्टर सेवाएं आमतौर पर इस्तेमाल होती हैं।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। राहत और बचाव कार्यों के लिए SDRF, NDRF, स्थानीय पुलिस, QRT टीम, 108 एंबुलेंस, सेना की विशेष टुकड़ी, तहसीलदार भटवाड़ी, BDO भटवाड़ी और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर रवाना कर दी गईं। मौके पर स्थानीय लोग भी राहत कार्यों में मदद कर रहे हैं। फिलहाल हेलिकॉप्टर क्रैश के कारणों का पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।
CM पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक
इस हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा। “उत्तरकाशी के गंगनानी के समीप हेलीकॉप्टर क्रैश में कुछ लोगों के हताहत होने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए SDRF और जिला प्रशासन की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। ईश्वर हादसे में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। प्रशासन को घायलों को हर संभव सहायता पहुंचाने एवं हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। मैं लगातार अधिकारियों के संपर्क में हूं और हर स्थिति पर नजर रखे हुए हूं।”
अभी और जानकारी का इंतजार
फिलहाल इस हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। तकनीकी खराबी, मौसम या अन्य कारणों को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अधिक जानकारी आने पर स्थिति और स्पष्ट होगी।
Tags:    

Similar News