उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर चेतावनी, कई जिले अलर्ट पर
उत्तराखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
देहरादून: उत्तराखंड में शनिवार को मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। मौसम विज्ञान विभाग ने बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश की आशंका जताई है।
देहरादून समेत प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में शनिवार सुबह से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। आसमान में घने बादल छाए रहने से दिनभर धूप के दर्शन नहीं हुए। लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और मौसम में ठंडक घुल गई है। बारिश के चलते सड़कों पर आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आज देहरादून, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा में भी कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। राज्य के शेष जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान देहरादून समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने 27 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। इस दिन देहरादून, टिहरी और पौड़ी में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, चंपावत, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और रुद्रप्रयाग में भी कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
भारी बारिश के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़क और राजमार्ग अवरुद्ध होने, जलभराव तथा अचानक बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। लगातार बारिश से नदियों और सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ने के साथ बिजली, पेयजल और परिवहन सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।
28 सितंबर को उत्तरकाशी, हरिद्वार और देहरादून में कहीं-कहीं भारी बारिश तथा गढ़वाल मंडल के जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का अनुमान है। हालांकि 29 और 30 सितंबर को मौसम में कुछ राहत मिलने के संकेत हैं।