Haridwar: सुयाल ने 22 माह का कार्यकाल पूरा कर संभाली नई जिम्मेदारी
22 माह बाद एसपी देहात सुयाल को दी गई विदाई
हरिद्वार: करीब 22 माह तक एसपी देहात की जिम्मेदारी संभालने के बाद शेखर चंद सुयाल को विदाई दी गई। शासन के तबादला आदेश के तहत अब उन्हें देहरादून में अपर पुलिस अधीक्षक नगर की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस कार्यालय के मीटिंग हॉल में विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में एसपी क्राइम व ट्रैफिक निशा यादव समेत अन्य अधिकारियों ने उनके कार्यकाल को याद किया। अधिकारियों ने अपराध नियंत्रण, खुलासे, कानून व्यवस्था और कांवड़ यात्रा के दौरान उनकी भूमिका की सराहना की। उनके कुशल वक्ता, मंच संचालन और मृदु व्यवहार की भी तारीफ की गई।
इस दौरान फूलमाला पहनाकर स्मृति चिह्न भेंट किया गया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं। विदाई संबोधन में सुयाल ने सहयोग के लिए सभी का आभार जताया और कहा कि टीम के बिना सफलता संभव नहीं है।
कार्यक्रम में सीओ सदर सुरेंद्र बलूनी, सीओ ज्वालापुर संजय चौहान, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी, सीओ यातायात विपेंद्र सिंह और आरआई प्रवीण आलोक मौजूद रहे।