Haridwar: सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं को मिली अहम जानकारी
सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
हरिद्वार: एसएमजेएन पीजी कॉलेज में इनर व्हील क्लब, हरिद्वार के सहयोग से छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक करने के लिए व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा और मुख्य वक्ता डॉ. नीता मेहरा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्राचार्य डॉ. बत्रा ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता गंभीर बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण के लिए महिलाओं से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूकता जरूरी है।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण एवं आईक्यूएसी अध्यक्ष डॉ. संजय माहेश्वरी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए इनर व्हील क्लब के सामाजिक योगदान की सराहना की।
मुख्य वक्ता डॉ. नीता मेहरा ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, कारण और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने एचपीवी वैक्सीन की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला और छात्राओं से अपने आसपास के लोगों को भी इस बीमारी के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी सत्र भी आयोजित किया गया। डॉ. ज्योति और डॉ. अमिता मल्होत्रा द्वारा पूछे गए सवालों के डॉ. नीता मेहरा ने विस्तार से जवाब दिए। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. रुचिका सक्सेना, डॉ. पूर्णिमा सुंद्रियाल, डॉ. सरोज शर्मा, ऋचा मिनोचा और डॉ. पल्लवी राणा का विशेष योगदान रहा।