Haridwar: लापरवाही पर पुलिस अधिकारी पर सख्त कार्रवाई

Update: 2026-05-02 09:34 GMT

हरिद्वार:  जनपद के खानपुर क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले को हल्के में लेना प्रभारी निरीक्षक दिगपाल सिंह कोहली को भारी पड़ गया। मामले में सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बीती शाम इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, करीब तीन दिन पहले खानपुर क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। पीड़ित परिवार ने तुरंत ही प्रभारी निरीक्षक दिगपाल सिंह कोहली को पूरे मामले से अवगत कराया। आरोप है कि उन्होंने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय ढुलमुल रवैया अपनाया, जिसके चलते आरोपित मौके से फरार हो गए।

मामले की जानकारी जब वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची, तो एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर तत्काल पोक्सो एक्ट सहित अन्य सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सीआईयू को जिम्मेदारी सौंपी गई। सीआईयू टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

नाबालिग से जुड़े संवेदनशील मामले में लापरवाही बरतने पर एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए इंस्पेक्टर दिगपाल सिंह कोहली को निलंबित कर दिया है। खानपुर थाने की जिम्मेदारी अब साइबर सेल में तैनात गोविंद सिंह को सौंपी गई है। देखने में आया है कि कई वर्ष बाद इस बार किसी मामले में इंस्पेक्टर को निलंबित करने की कार्रवाई की गई है, जिस कारण पुलिस महक में में हड़कंप मचा हुआ है।

एसएसपी नवनीत सिंह ने साफ संदेश दिया है कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में विफल रहने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Tags:    

Similar News