Haridwar: खोया बैग मिलने से बहनों को मिली राहत, चेहरे पर लौटी खुशी

सतर्कता और तत्परता से मिला खोया सामान, बहनों ने जताया आभार

Update: 2026-06-05 04:22 GMT

हरिद्वार: हरिद्वार पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए हर की पैड़ी क्षेत्र से गायब हुए बैग, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद कर पीड़ित बहनों को सौंप दिए। सामान वापस मिलने पर बहनों ने पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उसकी कार्यशैली की सराहना की।

जानकारी के अनुसार पूजा कुमारी निवासी रोहिणी, नई दिल्ली अपनी चार अन्य बहनों के साथ हरिद्वार घूमने और गंगा स्नान के लिए आई थीं। गुरुवार सुबह हर की पैड़ी क्षेत्र में उनके दो बैग अचानक गायब हो गए। बैग में लगभग 10 हजार रुपये की नकदी, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था।

बैग खो जाने के बाद बहनों के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो गई। उनके पास न तो घर लौटने के लिए पैसे बचे थे और न ही खाने-पीने की व्यवस्था के लिए कोई साधन था। परेशान होकर उन्होंने चौकी हर की पैड़ी पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए चौकी हर की पैड़ी में तैनात कांस्टेबल हेमंत और कांस्टेबल नितिन रावत ने तत्काल खोजबीन शुरू की। पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र में गहन तलाश अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बैगों को बरामद कर लिया। बैग में रखी पूरी 10 हजार रुपये की नकदी, दस्तावेज और अन्य सामान भी सुरक्षित मिला।

पुलिस ने समस्त सामान पूजा कुमारी को सुपुर्द कर दिया। अपना सामान सकुशल वापस मिलने पर पूजा और उनकी बहनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने हरिद्वार पुलिस की तत्परता, ईमानदारी और जनसेवा भाव की प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम का धन्यवाद किया।

Tags:    

Similar News