Haridwar: जनसुनवाई में लोगों की समस्याओं पर हुई सुनवाई
68 शिकायतें पहुंचीं, 32 का मौके पर समाधान
हरिद्वार: जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जनसुनवाई हुई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 68 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं। इनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल व आर्थिक सहायता से लेकर राशन कार्ड सहित विभिन्न समस्याएं सामने आईं। अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का त्वरित और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ मौके पर जाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने विशेष रूप से 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। समीक्षा में सामने आया कि एल-1 स्तर पर 290 और एल-2 स्तर पर 84 शिकायतें, यानी कुल 374 शिकायतें लंबित हैं। संबंधित अधिकारियों को इनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।