हरिद्वार: कलियर में साबिर पाक के सालाना उर्स के बीच अजमेरी बाजार में ज्वेलरी की दुकानों में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दरगाह पहाड़ी गेट के पास अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया, जिससे आसपास की दुकानों में भी आग फैलने का खतरा पैदा हो गया।

उर्स के चलते अजमेरी बाजार में जायरीनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौजूद थी। आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर पानी और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान लोगों ने आसपास की दुकानों को आग की चपेट में आने से बचाने की कोशिश की।

सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों के पहुंचने के बाद आग पर काबू पाने की कार्रवाई तेज की गई। आग की लपटों को नियंत्रित करने के लिए दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत की। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और बाजार में स्थिति को संभालने का प्रयास किया। उर्स के कारण पहले से ही बाजार में बड़ी संख्या में जायरीन मौजूद थे, ऐसे में पुलिस के सामने आग बुझाने के साथ-साथ भीड़ को सुरक्षित रखने की भी चुनौती रही।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। दुकानों में कितना नुकसान हुआ है, इसका भी अभी आधिकारिक आकलन नहीं हो सका है। आग शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से लगी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीम घटना के कारणों तथा संपत्ति के नुकसान का आकलन करने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Tags: