Haridwarहरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार के खड़खड़ी क्षेत्र में बाइक सवार तीन बदमाशों ने हरियाणा के एक होटल व्यवसायी को गोली मार दी। पीठ और हाथ में गोली लगने से व्यवसायी लहूलुहान हो गया। दिनदहाड़े हुई फायरिंग से वहां अफरातफरी मच गई। हरियाणा के रोहतक निवासी व्यवसायी ने 10 दिन पहले ही होटल लीज पर लिया था। पुलिस जानलेवा हमले को गांव की रंजिश से जोड़ रही है। व्यवसायी को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। बदमाशों की तलाश में पूरे जिले में चेकिंग की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, हरियाणा के रोहतक जिले के सतला गांव निवासी अरुण कुमार सोमवार शाम करीब छह बजे अपने होटल खन्ना रेजीडेंसी के बाहर आइसक्रीम खा रहे थे।

उसी समय बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। बाइक पर बैठे एक बदमाश ने अरुण पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। एक गोली अरुण के हाथ और दूसरी पीठ पर लगी। लोग जुटने लगे तो बदमाश दूधाधारी तिराहा की ओर भाग गए। आसपास के व्यवसायियों ने पुलिस को सूचना दी और घायल अरुण को अस्पताल पहुंचाया। एसपी सिटी पंकज गैरोला, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी और शहर कोतवाल रितेश शाह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई।पता चला कि बदमाश बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार थे।


Tags: