Haridwar: रोडवेज क्षेत्र में अतिक्रमण पर प्रशासन की कार्रवाई
अतिक्रमण के खिलाफ स्टेशन-रोडवेज इलाके में कार्रवाई
हरिद्वार: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में हरिद्वार में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन और रोडवेज क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सड़क, फुटपाथ और पटरी पर अवैध रूप से लगाए गए खोखों, अस्थायी दुकानों और अन्य अतिक्रमणों को हटाया गया। नगर निगम की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया, जबकि पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि ने कहा कि सड़क मार्ग और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त बनाने के साथ ही आगामी कुंभ मेले के दौरान यातायात और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु रखने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों और अन्य स्थानों पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन और रोडवेज क्षेत्र में यात्रियों एवं आमजन की आवाजाही को आसान बनाने के लिए अतिक्रमण हटाया गया है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि कुंभ की तैयारियों को देखते हुए नगर निगम और पुलिस के सहयोग से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।