Haridwar: झूठी फायरिंग की कहानी रचकर पुलिस को किया गुमराह, युवक गिरफ्तार
गोलीबारी का झूठा मामला रचने वाला युवक पुलिस के हत्थे चढ़ा
हरिद्वार: भगवानपुर कोतवाली के गागालेड़ी रोड पर तीन बाइक सवारों द्वारा गोली चलाने की सूचना ने सोमवार को पुलिस को दौड़ा दिया। डायल-112 पर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन जांच में फायरिंग की पूरी कहानी झूठी निकली। सीसीटीवी फुटेज ने सूचना देने वाले युवक की पोल खोल दी।
पुलिस के अनुसार 7 सितंबर को डायल-112 पर सूचना मिली थी कि गागालेड़ी रोड पर बाइक सवार तीन युवकों ने कॉलर पर गोली चलाने का प्रयास किया है। सूचना पर भगवानपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जहां शुभम शर्मा पुत्र चंद्रमणि शर्मा, निवासी सम्राट कॉलोनी, थाना भगवानपुर मिला। बातचीत में वह नशे में प्रतीत हुआ।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
कॉलर के बयानों का तकनीकी साक्ष्यों से मिलान किया गया तो कई गंभीर विरोधाभास सामने आए।
सख्ती से पूछताछ में शुभम ने सच कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह गागालेड़ी रोड से अपने कमरे की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने उससे रास्ता पूछा और किसी बात पर कहासुनी हो गई।
गुस्से में आकर उसने डायल-112 पर गोली चलाने की झूठी सूचना दे दी।
फायरिंग की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने पर पुलिस ने शुभम शर्मा को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आपात सेवा का दुरुपयोग न करें, झूठी सूचना देने पर कार्रवाई होगी।