Haldwani: स्कूल वाहनों की जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन मिला तो होगी कार्रवाई
स्कूल बसों की चेकिंग अभियान तेज, नियम उल्लंघन पर कार्रवाई के निर्देश
हल्द्वानी: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षित आवाजाही और स्कूली वाहनों में यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार सुबह यातायात पुलिस ने हल्द्वानी क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
निरीक्षक यातायात हल्द्वानी भूपेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न स्कूली वाहनों की गहनता से जांच की। इस दौरान वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों के अनुपालन की जांच की गई।जांच में नियमों और निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित स्कूली वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और विद्यालय प्रबंधन को बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।