Haldwani: पारिवारिक विवाद में भाई ने बहन की सास को घोंपा चाकू, हालत नाजुक

Update: 2024-08-04 13:17 GMT
Haldwani हल्द्वानी । पारिवारिक विवाद ने रविवार को जीतपुर नेगी में खूनी रंग ले लिया। भाई ने पड़ोस में रहने वाली बहन की सास पर चाकू से हमला कर दिया। एक के बाद एक दो वार से सास लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई। शोर-शराबा हुआ तो आरोपी घटना स्थल से फरार हो गया। गंभीर हालत में घायल महिला को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
टीपीनगर चौकी इंचार्ज दीपक बिष्ट ने बताया कि जीतपुर नेगी निवासी गंगा देवी (55 वर्ष) पत्नी श्याम सिंह यहां अपने पति, बेटे और बहू शीला के साथ रहती है। सभी मजदूर हैं। शीला का भाई शीशगढ़ निवासी अर्जुन भी पड़ोस में किराए पर पत्नी के साथ रहता है।
अर्जुन का उसकी पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है। लोगों के अनुसार पति-पत्नी दोनों लड़ते रहते हैं। गंगा देवी बार-बार अर्जुन पर अपनी पत्नी को तलाक देने का दबाव बना रही थी और अर्जुन इसके खिलाफ था। रविवार को अर्जुन चाकू लेकर गंगा देवी के घर में घुस गया।
अर्जुन और गंगा देवी में तीखी बहस हो गई। इतने में अर्जुन ने कमर से चाकू निकाला और गंगा देवी पर लगातार दो वार कर दिए। गंगा लहूलुहान हालत में घर से दौड़ती हुई निकली और सड़क पर गिर गई। यह देख इलाके में हल्ला मच गया। खुद को फंसता देख आरोपी अर्जुन मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंगा देवी को अस्पताल में भर्ती कराया। टीपीनगर चौकी प्रभारी ने बताया कि गंगा की हालत खराब है। घर में अभी शीला के अलावा कोई नहीं है। आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
Tags:    

Similar News

-->