धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर सरकार का जोर
धार्मिक पर्यटन के विकास के लिए प्रयास जारी : बहुगुणा
उत्तरकाशी: अस्सी गंगा घाटी के अगोड़ा में आयोजित श्री गणेश महोत्सव में शामिल हुए प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड देवताओं की भूमि है। जहां यहां कण-कण में देवों का वास है। श्री गणेश की जन्मस्थली और माता अन्नपूर्णा की पावन भूमि पर आने का सौभाग्य मिलना मेरे लिए गौरव की बात है। हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं हमारी पहचान हैं, जिन्हें आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गंगोरी से अगोड़ा मार्ग के मरम्मत कार्य को 15 अक्टूबर तक शुरू कर दिया जाएगा।
भटवाड़ी ब्लॉक के अगोड़ा गांव में डोडीताल मंदिर समिति कैलाशू की ओर से आयोजित श्री गणेश महोत्सव में गुरूवार सांय को प्रदेश के काबीना मंत्री सौरभ बहुगुणा ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस दौरान उन्होंने पशु चिकित्सालय में आवासीय भवन की आवश्यकता को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का भी आश्वासन दिया। क्षेत्र में ट्रैक रूट के विकास तथा धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीणों से क्षेत्रीय विधायक के साथ प्रस्ताव तैयार कर पर्यटन मंत्री से मुलाकात कर आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
कहा कि गत अगस्त माह में पूर्व डासडा में 132 भेड़-बकरियों की मृत्यु पर प्रभावित पशुपालकों को एसडीआरएफ मद से 5 लाख 36 हजार रुपये की मुआवजा राशि दी गई है। कार्यक्रम में मौजूद क्षेत्रीय विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों के विकास से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप पंवार, श्याम डोभाल, गिरीश भट्ट, ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, कुलदीप नेगी, हीरालाल शाह, डोडीताल मंदिर समिति अध्यक्ष बलदेव राणा, सचिव उमेद पंवार, पुजारी राधेश्याम खंडूड़ी सहित अन्य पदाधिकारी जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।