Faridabad: नगर निगम के बाहर कूड़ा डालकर जताया विरोध

Update: 2026-05-13 04:21 GMT

फरीदाबाद: फरीदाबाद में सफाई कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन अब तेज होता जा रहा है। हरियाणा के अन्य जिलों की तरह यहां भी कर्मचारियों ने अपनी नाराजगी जताने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। सोमवार देर रात सफाई कर्मचारियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में कूड़ा भरकर नगर निगम कार्यालय पहुंचाया और कमिश्नर के मुख्य गेट के बाहर सडक़ पर फैला दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कर्मचारी ट्रॉली से कूड़ा उतारते नजर आ रहे हैं। मंगलवार सुबह जब अधिकारी अपनी ड्यूटी व लोग अपने कामों के लिए निगम कार्यालय पहुंचे तो उन्हें कूड़े के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ा। कर्मचारी नेता बलबीर ने बताया कि वे पिछले करीब 11 दिनों से हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दे रहे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि फिलहाल निगम कार्यालय के बाहर कूड़ा डाला गया है, लेकिन यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आने वाले दिनों में निगम कार्यालय के अंदर और यहां तक कि मंत्रियों के आवास के बाहर भी कूड़ा डाला जा सकता है।

कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जाएगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ी तो इसे और उग्र किया जाएगा। वहीं, इस विरोध के चलते शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने लगे हैं, जिससे आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Tags:    

Similar News