उत्तरकाशी: दो दिनों तक लगातार हुई बारिश के बाद सोमवार को दो दिन से रुकी चारधाम यात्रा दोबारा शुरू होते ही यमुनोत्री हाईवे पर वाहनों का रेला उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में यात्रा वाहनों के एक साथ यमुनोत्री धाम की ओर रवाना होने से सिलाई बैंड से फूलचट्टी तक हाईवे पर जगह-जगह लंबा जाम लगता रहा। जाम के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यात्रा वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ ही हाईवे पर कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वाहन रुक-रुककर आगे बढ़ते रहे। जाम को नियंत्रित करने और यातायात सुचारू कराने में पुलिसकर्मियों के साथ वाहन चालकों को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कई स्थानों पर पुलिस कर्मियों ने वाहनों को व्यवस्थित कर बारी-बारी से आगे रवाना किया।

यमुनोत्री हाईवे पर जाम की एक बड़ी वजह कई स्थानों पर चल रहा चौड़ीकरण कार्य भी बना हुआ है। निर्माण कार्य के चलते कई जगह हाईवे संकरा हो गया है। वहीं, दो दिनों से यात्रा वाहनों के रुके रहने के बाद सोमवार को एक साथ बड़ी संख्या में वाहनों के सड़क पर उतरने से यातायात का दबाव और बढ़ गया। लगातार बारिश के कारण हाईवे के कई हिस्सों में सड़क दलदल में तब्दील हो गई है।

इससे वाहनों की आवाजाही जोखिमभरी बनी हुई है। कई जगह वाहनों के फंसने से भी यातायात बाधित हुआ और जाम की स्थिति पैदा हुई।

स्थानीय में संदीप राणा, महावीर सिंह आदि का कहना है कि यमुनोत्री हाईवे पर हो रहे चौड़ीकरण कार्य तथा बारिश से खराब हुए हिस्सों और बढ़ते यातायात दबाव के कारण आने वाले दिनों में भी जाम की समस्या बनी रह सकती है। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर सड़क की स्थिति को सुधारने की मांग की है।

Tags: