पिथौरागढ़: जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने मंगलवार को जिला न्यायालय और जिला अस्पताल के निकट निर्माणाधीन पार्किंग का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

जिला न्यायालय के पास पार्किंग का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से परियोजना की प्रगति और निर्माण कार्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्माण सामग्री की अनिवार्य रूप से जांच कराई जाए और मानकों पर खरा उतरने के बाद ही उसका उपयोग किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने परियोजना से संबंधित प्रमुख जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए नागरिक सूचना पट लगाने को भी कहा। इसके बाद जिला अस्पताल के पास निर्माणाधीन पार्किंग का निरीक्षण कर ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारियों को गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Tags: