देहरादून: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सचिवालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने प्रदेशवासियों, सचिवालय परिवार, उत्तराखण्ड पुलिस व पीएसी के जवानों, राजकीय इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्य सचिव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने का दिन है, जिनके संघर्ष से आज भारत एक स्वतंत्र, लोकतांत्रिक और संप्रभु राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। स्वतंत्रता हमें विरासत में मिली है, लेकिन राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी की है।

आयुक्त आनंद स्वरूप ने देहरादून स्थित कैंप कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया और अधिकारियों-कर्मचारियों से ईमानदारी एवं निष्ठा से कर्तव्यों के निर्वहन का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में प्रत्येक नागरिक का योगदान महत्वपूर्ण है और सामूहिक प्रयासों से ही देश को विकास एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ाया जा सकता है।

वहीं देहरादून के जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश को स्वतंत्रता बहुत बड़ी कुर्बानियों के बाद प्राप्त हुई है। स्वतंत्रता संग्राम में हजारों देशवासियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में अपने दायित्वों का निर्वहन कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता को बनाए रखना और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना हम सभी की बड़ी जिम्मेदारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस लाइन देहरादून में शहीदों को नमन करते हुए ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान एसएसपी देहरादून ने उपस्थित सभी अधिनस्थों को कर्तव्यनिष्ठा व देश सेवा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क प्राप्त करने वाले अधिकारियों को प्रशस्ति डिस्क प्रदान कर सम्मानित किया।

Tags: