Dehradun: उत्तराखंड में मानसून सक्रिय, मौसम बदला, बारिश से तापमान में गिरावट

कई इलाकों में जलभराव की स्थिति

Update: 2026-06-30 12:49 GMT

देहरादून: उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है और आगामी दो दिन के दौरान इसके राज्य के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने की ल परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मंगलवार को राजधानी देहरादून सहित राज्य के अधिकांश जिलों में झमाझम बारिद होने से मौसम सुहावना हो गयाl इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।

देहरादून सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार दोपहर को हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक का दौर जारी है। देहरादून में सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और दोपहर बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। हल्की से मध्यम वर्षा गरज-चमक के साथ हो रही है। लगातार हो रही बारिश से कई स्थानों पर जल भराव भी देखने को मिला।

मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले कुछ घंटों तक बारिश की गतिविधियां बने रहने की संभावना जताई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।शहर का अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार पौड़ी, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है। सभी पर्वतीय जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, तीव्र से अति तीव्र वर्षा तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक तथा पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य दर्ज किया गया।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में अच्छी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मैनुअल प्रेक्षणों के अनुसार पंतनगर में 58.8 मिमी, बेरीनाग में 56 मिमी, बनबसा में 45 मिमी, धारचूला में 43 मिमी तथा देहरादून में 31.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं स्वचालित मौसम केंद्रों (एडब्ल्यूएस) के अनुसार रुद्रपुर (ऊखीमठ क्षेत्र) में 75.5 मिमी और बाजपुर में 68.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

Tags:    

Similar News