Dehradun: चिकित्सा शिक्षा विभाग ने संभाला रूद्रपुर और पिथौरागढ़ जिला अस्पताल का संचालन
देहरादून: सरकार ने बेहतर और सुचारू संचालन के लिए राज्य के रूद्रपुर और पिथौरागढ़ स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेजों को चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधीन कर दिया है। इस संबंध में शुक्रवार को शासन ने आदेश जारी कर दिया है।
इस संबंध में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव सचिन कुर्वे की ओर से कार्यालय ज्ञापन जारी में किया है। इसके अनुसार राजकीय मेडिकल कॉलेज रूद्रपुर के संचालन के लिए जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय रूद्रपुर और राजकीय मेडिकल कॉलेज पिथौरागढ़ के संचालन के लिए बीडी पाण्डेय जिला चिकित्सालय एवं महिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ को चिकित्सा शिक्षा विभाग को हस्तांतरित किया गया है। अब तक दाेनाें चिकित्सालय चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अधीन संचालित हो रहे थे।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि हस्तांतरण के बाद इन चिकित्सालयों का प्रशासनिक और वित्तीय नियंत्रण संबंधित मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य अथवा निदेशक के अधीन रहेगा। यह भी कहा है कि मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के मानकों के अनुरूप आवश्यक उपकरणों और दवाओं की उपलब्धता चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, इन चिकित्सालयों में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन का भुगतान एक वर्ष की अवधि तक वर्तमान व्यवस्था के अनुसार चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जाएगा। इसके बाद इन चिकित्सा इकाइयों का संचालन पूरी तरह चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधीन होगा।