Dehradun: चकराता में बड़ा सड़क हादसा, खाई में गिरी कार, पांच घायल
चकराता में अनियंत्रित कार खाई में गिरी, पांच लोग घायल
देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले के चकराता क्षेत्र में शनिवार सुबह एक कार सड़क से करीब 35 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीन को हल्की चोटें आई हैं। एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी पांच घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
एसडीआरएफ के अनुसार, डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि सहिया से पहले लालपुल के पास एक वाहन सड़क से नीचे खाई में गिर गया है और उसमें कुछ लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ चकराता से उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर टीम को कार सड़क से करीब 35 मीटर नीचे खाई में गिरी मिली। कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं।
एसडीआरएफ टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जवानों ने खाई में उतरकर घायलों तक पहुंच बनाई और सभी पांचों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घायलों में रोहन कुमार (23) निवासी नई दिल्ली, अभिषेक दुबे (26) निवासी रोहिणी, दिल्ली, अभिषेक (26) निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश, शिवानी सिंह (22) और प्रिन्स राज (22), दोनों निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश शामिल हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।