उत्तरकाशी दौरे पर जाएंगे सीएस आनंद बर्द्धन
उत्तरकाशी में आज से सीएस आनंद बर्द्धन का दौरा
उत्तरकाशी: मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद बर्द्धन शुक्रवार से अगले तीन दिनों तक उत्तरकाशी दौरे पर रहेंगे। भ्रमण के दौरान मुख्य सचिव जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों, पर्यटन स्थलों, सामरिक क्षेत्रों तथा शैक्षणिक संस्थानों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
तय कार्यक्रमानुसार मुख्य सचिव शुक्रवार दोपहर 12:00 बजे चिन्यालीसौड़ पहुँचेंगे। वहां सर्व शक्ति कलस्टर फेडेरेशन का उद्घाटन कार्यक्रम में प्रतिभाग एवं वार्तालाप करेंगे। इसके पश्चात मुख्य सचिव पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
दोपहर में उत्तरकाशी जिला मुख्यालय पहुँचकर सिविल सोसायटी के पदाधिकारियों, भूतपूर्व सैनिकों, अर्द्धसैनिक बलों के पेंशनर्स तथा सेना व आईटीबीपी (ITBP) के अधिकारियों के साथ वार्तालाप करेंगे। तत्पश्चात 04:30 बजे जिला सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास व विभागीय कार्यों की प्रगति समीक्षा बैठक लेंगे। गणेशपुर में मां गंगा कॉपरेटिव के साथ वार्तालाप के पश्चात् हर्षिल के लिए प्रस्थान करेंगे।
26 सितम्बर को मुख्य सचिव प्रातः श्री गंगोत्री धाम पहुँचकर दर्शन-पूजन करेंगे तथा धाम में चल रहे विकास व पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लेंगे। इसके बाद वे सीमान्त क्षेत्र जादुंग का भ्रमण कर निर्मित, निर्माणाधीन होम स्टे का निरीक्षण करेंगे तथा आईटीबीपी के अधिकारियों से वार्ता करेंगे। अपराह्न में भैरवघाटी स्थित ऐतिहासिक 'गर्तांग गली' (सौन्दर्यीकरण कार्य, चेकपोस्ट, पार्किंग व काष्ठ शिल्प ऑफिस) तथा स्नो लेपर्ड कन्जर्वेशन सेन्टर का निरीक्षण करेंगे।
दिनाँक 27 सितम्बर को प्रातः मुख्य सचिव श्री काशी विश्वनाथ व शक्ति मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। तत्पश्चात मुख्य सचिव देहरादून के लिए प्रस्थान करेंगे।