हरिद्वार: सोमवती अमावस्या के स्नान पर्व पर धर्मनगरी हरिद्वार में सोमवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। हरकी पैड़ी समेत गंगा के विभिन्न गंगा घाट सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार रहे। तड़के से ही देश के अलग-अलग राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

स्नान के बाद घाटों पर दान-पुण्य और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला भी चलता रहा। पितरों की शांति के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने गंगा तट पर पिंडदान और तर्पण किया। नारायणीशिला पर लोगों ने अपने पितरों के निमित्त पिण्डदान, नारायणबलि, तर्पण आदि कर्म कराए।

सोमवती अमावस्या के महत्व को देखते हुए श्रद्धालुओं का हरिद्वार पहुंचना बीती रात से ही शुरू हो गया था। सोमवार सुबह सूर्योदय के साथ ही हरकी पैड़ी और आसपास के प्रमुख घाटों पर भीड़ बढ़ती चली गई। गंगा स्नान के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं के जयकारे गूंजते रहे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान, दान-पुण्य और पितृ पूजन का विशेष महत्व है।

ज्योतिषाचार्य पंडित देवेन्द्र शुक्ल शास्त्री ने बताया कि सोमवार को पड़ने वाली अमावस्या पर स्नान और दान का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन किया गया दान अक्षय फल प्रदान करने वाला माना गया है। गंगा स्नान और पिंडदान से पितरों की शांति की कामना की जाती है। उन्होंने बताया कि उदया तिथि में सोमवती अमावस्या का संयोग विशेष पुण्यकारी माना जाता है। इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने से अश्वमेध यज्ञ के समान पुण्य फल मिलने की धार्मिक मान्यता है।

14 जोन और 44 सेक्टरों में बांटा मेला क्षेत्र

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए। पूरे मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 14 जोन और 44 सेक्टरों में विभाजित कर पुलिस बल की तैनाती की गई। हरकी पैड़ी और प्रमुख स्नान घाटों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को लगाया गया। भीड़ का दबाव बढ़ने पर श्रद्धालुओं को वैकल्पिक घाटों की ओर भेजने की व्यवस्था भी की गई, ताकि स्नान के दौरान अव्यवस्था की स्थिति न बने।

कुंभ निर्माण कार्यों का गंगाजल की मात्रा पर असर

सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद हरकी पैड़ी पर गंगाजल की मात्रा सामान्य दिनों की अपेक्षा कम दिखाई दी। दरअसल, कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरकी पैड़ी क्षेत्र में अस्थायी पुलों सहित विभिन्न निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। निर्माण कार्यों के चलते फिलहाल गंगाजल का प्रवाह पहले की तरह नहीं छोड़ा जा रहा है। हालांकि, स्नान के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध रहा और श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई।

Tags: