कांग्रेस नेताओं ने एनडी तिवारी के कार्यों को किया स्मरण
कांग्रेस नेताओं ने एनडी तिवारी के जनसेवा कार्यों को किया याद
देहरादून: पूर्व केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. नारायण दत्त तिवारी की 101 वीं जयंती और आठवें निर्वाण दिवस पर मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी और महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि नारायण दत्त तिवारी अद्भुत राजनीतिक और प्रशासनिक क्षमताओं वाले नेता थे। स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले तिवारी न केवल उत्तराखंड, बल्कि पूरे देश का गौरव थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में तिवारी ने अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। उनकी विनम्रता, शालीनता, सहृदयता और विद्वत्ता के उनके राजनीतिक विरोधी भी कायल थे।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि उत्तराखंड में हुए अवस्थापना विकास में तिवारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों,स्कूलों,विश्वविद्यालयों, अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के विकास में उनके प्रयासों की अहम भूमिका रही।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट,कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष मदन लाल, अमरेंद्र सिंह बिष्ट, आलोक बगवाड़ी, नरेंद्र सिंह राणा, अनुज दत्त शर्मा और करण घाघट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।