Gurudwara मुद्दे पर सीएम ने दिया भरोसा

Update: 2026-07-19 08:39 GMT

Dehradun देहरादून :   उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब से जुड़े लंबे समय से लंबित मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए सिख समाज की भावनाओं का सम्मान करने और समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी पक्षों की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस विषय पर संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ विचार करेगी, ताकि धार्मिक सौहार्द और सामाजिक समरसता बनी रहे।

मुख्यमंत्री धामी से उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सिख समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण धार्मिक, सामाजिक और ऐतिहासिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु हरिद्वार स्थित गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब का मामला रहा।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखी कि गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब के ऐतिहासिक स्थल को सिख समाज को सौंपा जाए, ताकि इस पवित्र धार्मिक धरोहर का संरक्षण किया जा सके और श्रद्धालु अपनी आस्था के अनुरूप वहां धार्मिक गतिविधियां संचालित कर सकें। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि यह स्थान सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज की चरण-छोह प्राप्त ऐतिहासिक धरोहर है, इसलिए इसका धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व अत्यंत विशेष है।

बैठक के दौरान सरदार परविंदर सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह वर्ष 2017 से लगातार इस विषय को विभिन्न मंचों पर उठाते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञान गोदड़ी साहिब केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों सिख श्रद्धालुओं की आस्था और इतिहास से जुड़ा केंद्र है। ऐसे में इस विषय का समाधान सिख समाज की लंबे समय से चली आ रही भावना और मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

प्रतिनिधिमंडल ने बैठक में श्री हेमकुंट साहिब यात्रा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों और स्थानीय नागरिकों के बीच उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों का शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्थाएं करने तथा यात्रा मार्ग पर मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार द्वारा यात्रा के सफल संचालन के लिए किए गए प्रयास सराहनीय हैं और इससे देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है।

प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रभावी प्रबंधन किया है। इससे श्रद्धालुओं का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार सिख समाज की भावनाओं का पूरा सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब से जुड़े विषय सहित अन्य मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाएगा और सभी संबंधित पक्षों से आवश्यक चर्चा कर उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य में धार्मिक सौहार्द, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और सभी समुदायों की आस्था के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।

Tags:    

Similar News