उत्तराखंड में हुआ चारधाम यात्रा का आगाज PM Modi ने दी यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बधाई

Update: 2024-05-10 14:12 GMT
उत्तराखंड : केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद शुक्रवार से चारधाम यात्रा का आगाज हो गया है। केदारनाथ धाम के कपाट के बाद यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने पर यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बधाई दी है।
PM Modi ने दी यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बधाई
पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा ‘देवभूमि उत्तराखंड के पवित्र चार धाम यात्रा के शुभारंभ की बहुत-बहुत बधाई। बाबा केदारनाथ धाम समेत चारों धामों की यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए एक ऐसी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक यात्रा है, जिससे उनकी आस्था और भक्ति को नई स्फूर्ति मिलती है। इस यात्रा पर निकले सभी भक्तों और श्रद्धालुओं को मेरी ढेरों शुभकामनाएं। जय बाबा भोलेनाथ।
विधि विधान के साथ खोले केदारनाथ मंदिर के कपाट
अक्षय तृतीया के मौके पर शुभ लग्न में अभिजीत मुहूर्त में सुबह सात बजे केदारनाथ मंदिर के कपाट खोल दिए गए हैं। पूरे विधि विधान के साथ पुरोहितों ने शीतकाल के चलते पिछले छह महीनों से बंद केदारनाथ मंदिर के कपाट खोले। अब अगले छह महीनों तक बाबा केदारनाथ अपने भक्तों को इसी मंदिर में दर्शन देंगे।
कपाट खुलने के मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने परिवार के साथ मौजूद रहे। इसके साथ ही बीकेटीसी के अध्यक्ष अजेंद्र अजय भी मौजूद रहे। बाबा केदारनाथ के मंदिर के कपाट खुलने के पलों का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी पहुंचे रहे।
उधर केदरनाथ धाम के कपाट के बाद अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर मां यमुना के कपाट विधि विधान से सुबह 10 बजकर 29 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। यमुनोत्री धाम में मां यमुना की डोली का उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। कपाट खुलने के साथ ही मां यमुना के जयकारों से परिजर गूंज उठा।
कपाट खुलने के दौरान भक्तों की भारी भीड़ धाम में मौजूद रही। सभी भक्त भक्ति में लीन नजर आए। धाम में पहुंचे भक्तों ने मां यमुना के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। बता दें जानकीचट्टी से पांच किलोमीटर का पैदल मार्ग तय कर डोली यात्रा करीब 10 बजे यमुनोत्री धाम पहुंच गई थी।
यमुनोत्री धाम के बाद विधि-विधान के साथ दोपहर 12 बजकर 25 मिनट पर गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इस दौरान धाम में मां गंगा के जयकारों से धाम गूंज उठा। आज के बाद श्रद्धालु ग्रीष्मकाल में छह महीने तक मां गंगा के दर्शन गंगोत्री धाम के कर सकेंगे।
हर साल की तरह इस बार भी हर्षिल छावनी में तैनात सेना के जवानों ने गंगोत्री मंदिर के कपाट खुलने के दौरान सेना के बैंड बाजों के बीच मां गंगा की डोली की अगुवाई की। मुखबा से लेकर गंगोत्री तक मां गंगा की डोली यात्रा सेना के बैंड बाजों की अगुवाई में निकली।
बदरीनाथ धाम के कपाट 12 मई को सुबह छह बजे ब्रह्म मुहूर्त में खोल दिए जाएंगे। इसके लिए बीकेटीसी की ओर से लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। बता दें इस बार यात्रा में आने वाले सभी तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए बदरीनाथ धाम में दर्शन के लिए टोकन व्यवस्था शुरू की गई है। टोकन में दिए गए समय पर ही श्रद्धालु मंदिर में जाकर दर्शन कर सकेंगे।
कैसे मिलगा टोकन ?
श्रद्धालुओं को पर्यटन विभाग की ओर से बनाए गए रजिस्ट्रेशन काउंटर में अपना रजिस्ट्रेशन पत्र दिखाना होगा।
इसके बाद उनका रजिस्ट्रेशन नंबर क्यूआर कोड से स्कैन करने के बाद तीर्थयात्रियों को एक टोकन दिया जाएगा। जिसमें बदरीनाथ दर्शन का समय अंकित होगा।
तीर्थयात्री उसी निर्धारित समय पर मंदिर में प्रवेश कर दर्शन कर सकते हैं। जिससे उन्हें दर्शन के लिए पहले की तरह लाइन में नहीं लगना पडेगा।
Tags:    

Similar News