Champawat: सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा
समरसता संकल्प अभियान को लेकर भाजपा ने कसी कमर
चम्पावत: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित किए जाने वाले समरसता संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने का आह्वान किया गया।
जिला मीडिया प्रभारी राजू गढ़कोटी के संचालन में आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत ने की, जबकि जिला प्रभारी गुंजन सुखीजा ने अभियान की जानकारी देते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से 10 सितंबर तक जनपद भर में समरसता संकल्प अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यशाला में बताया गया कि अभियान के अंतर्गत जनपद के मंदिरों में प्रतिदिन सायंकाल दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही भजन संध्या, प्रसाद वितरण, सामूहिक भंडारे और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास के समता, मानवता और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम की विशेषता संत रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी होगी, जिसे जनपद के विभिन्न मंदिरों और क्षेत्रों की मिट्टी के साथ मिलाया जाएगा। इसके माध्यम से सामाजिक एकता और समरसता का संदेश दिया जाएगा। साथ ही गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्राप्त प्रसाद का वितरण भी श्रद्धालुओं के बीच किया जाएगा। इस अवसर पर जनपद की चारों निकायों—लोहाघाट, चम्पावत, टनकपुर और बनबसा नगर निकायों में नव नामित सदस्यों का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। इसके अलावा भेषज संघ के अध्यक्ष और सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास का जीवन सामाजिक समानता, भाईचारे और मानवता की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और समरसता स्थापित करने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। अभियान के माध्यम से इन विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बागौली, हेमा जोशी, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य निर्मल महरा, सतीश पांडे सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।