उत्तराखंड में जंगल गई महिला को बाघ ने मार डाला, खून और टूटी चूड़ियों से शव का पता चला
उत्तराखंड में आदमखोर गुलदार-बाघ आतंक का सबब बने हुए हैं।
अल्मोड़ा: उत्तराखंड में आदमखोर गुलदार-बाघ आतंक का सबब बने हुए हैं। ऐसा कोई दिन नहीं बीत रहा, जब पहाड़ के किसी हिस्से से वन्यजीवों के हमले की खबर न आती हो। ताजा मामला अल्मोड़ा के सल्ट क्षेत्र का है। जहां जंगल में लकड़ी लेने गई एक महिला को बाघ ने मार डाला। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग डरे हुए हैं। महिलाएं लकड़ी और घास लेने के लिए जंगल नहीं जा रहीं। बाघ के हमले में जान गंवाने वाली महिला गुड्डी देवी 59 साल थीं। गुड्डी देवी का परिवार कूपी गांव में रहता है। बीते दिन गुड्डी देवी गांव की दो अन्य महिलाओं के साथ लकड़ी लेने के लिए जंगल गई थी। वापस आते वक्त दोनों महिलाएं गुड्डी देवी से थोड़ा आगे निकल गई। गुड्डी देवी उनके पीछे-पीछे चल रही थी। तभी घात लगाए बाघ ने गुड्डी देवी पर हमला कर दिया और उन्हें अपना निवाला बना लिया। हमला करने के बाद बाघ उसे करीब आधा किमी दूर तक घसीट ले गया। ग्रामीणों ने शाम को महिला की तलाश तेज की तो शाल के वन क्षेत्र में उसका क्षत विक्षत शव बरामद कर लिया गया।